बारिश ने बढ़ाई परेशानी : पांच जिलों में स्कूल बंद, कहीं वर्क फ्रॉम होम, यमुना ओवरफ्लो और नेता बोले भगवान जिम्मेदार
हरियाणा में भारी बारिश से हालात बिगड़े। गुरुग्राम, यमुनानगर, पंचकूला समेत कई जिलों में स्कूल बंद। नदियाँ उफान पर, 40 हजार किसानों की ढाई लाख एकड़ फसल चौपट।
-
मौसम विभाग ने मंगलवार सुबह 8:30 बजे तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया
-
हरियाणा में 40 हजार किसानों की ढाई लाख एकड़ फसल बर्बाद
-
कई जिलों में स्कूल बंद, गुरुग्राम में कंपनियों को वर्क फ्रॉम होम कराने के निर्देश
हरियाणा में बारिश से हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। मौसम विभाग ने मंगलवार सुबह साढ़े 8 बजे तक भारी से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। अब तक प्रदेश में करीब 40 हजार किसानों की ढाई लाख एकड़ फसल को नुकसान हो चुका है। हालात गंभीर देखते हुए सरकार ने सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं।
बारिश के कारण नदियाँ और नाले उफान पर हैं। कई जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं, वहीं कुछ जिलों में प्रशासन ने लोगों की सुरक्षा के लिए एडवाइजरी जारी की है।
गुरुग्राम में जलभराव – सिग्नेचर टॉवर चौक का अंडरपास लीक हो गया। द्वारका एक्सप्रेसवे समेत कई जगह भारी जलभराव होने से डीसी ने सभी कंपनियों को वर्क फ्रॉम होम कराने के निर्देश दिए। स्कूलों को ऑनलाइन क्लास चलाने को कहा गया।
यमुनानगर में बाढ़ – सोम नदी के कटाव से गांव रुकाली का श्मशान घाट बह गया। हथिनीकुंड बैराज से लगातार पानी छोड़े जाने के कारण यमुना नदी उफान पर है। छछरौली ब्लॉक में स्कूल बंद कर दिए गए।
फरीदाबाद में हादसा – गांव किड़ावली में बर्थडे पार्टी मनाते समय दिल्ली के आयुष और उसके दोस्त धर्मेंद्र का पैर फिसल गया। दोनों यमुना में बह गए।
हिसार में नुकसान – जिले में 7 जगह नहर टूटी, 30 स्कूलों में जलभराव हो गया। कुछ स्कूलों में छत से पानी टपकने और दीवारें ढहने की घटनाएँ सामने आईं।
सिरसा और पंचकूला में खतरा – सिरसा में घग्गर डेंजर लेवल पर है। बारिश से 3 घरों की दीवार गिरी और 7 बकरियों की मौत हो गई। पंचकूला में करीब एक करोड़ की लागत से बना पुल बह गया। हालात बिगड़ते देख कई स्कूलों में छुट्टी कर दी गई।
करनाल व सोनीपत में अलर्ट – करनाल में यमुना ओवरफ्लो हो गई, जबकि सोनीपत में दिल्ली बॉर्डर तक 30 गांवों में अलर्ट जारी है।
➤ नेताओं के बयान
पब्लिक हेल्थ मंत्री रणबीर गंगवा ने हालातों के लिए भगवान को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि इंद्र देवता बे-कंट्रोल हो रहे हैं।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने बरसात को प्रदेश के लिए खुशी की बात बताया और कहा कि इससे पानी की कमी पूरी होगी।
वहीं मंत्री विपुल गोयल ने फरीदाबाद में कहा कि "बारिश के दौरान कैमरे चलाओगे तो पानी दिखेगा ही। फर्क सिर्फ इतना है कि अब बारिश रुकते ही पानी जल्दी निकल जाता है।"
➤ नदियों का हाल
-
यमुना नदी – हथिनीकुंड बैराज से छोड़े गए पानी से करनाल, सोनीपत, पानीपत और फरीदाबाद में हाई अलर्ट।
-
मारकंडा नदी (कुरुक्षेत्र) – ओवरफ्लो पर, SDRF की तैनाती।
-
टांगरी नदी (अंबाला) – फिलहाल 10 हजार क्यूसेक पानी बह रहा है, अलर्ट जारी।
-
घग्गर नदी (सिरसा, कैथल, फतेहाबाद) – लगातार डेंजर लेवल पर बह रही, कई गांव प्रभावित।
Akhil Mahajan