होमगार्ड क्लर्क रिश्वत लेते गिरफ्तार
नारनौल में एंटी करप्शन ब्यूरो ने होमगार्ड क्लर्क और जवान को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। ड्यूटी लगाने के बदले 6 हजार रुपये की मांग का आरोप है।
➤नारनौल में होमगार्ड क्लर्क और जवान रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
➤ड्यूटी लगाने के बदले 6 हजार की मांग, 2 हजार लेते समय दबोचा
➤430 होमगार्ड जवानों से अवैध वसूली का आरोप, नेटवर्क की जांच शुरू
हरियाणा के नारनौल में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए होमगार्ड कार्यालय नारनौल स्थित ट्रेनिंग सेंटर में तैनात क्लर्क राकेश और महेंद्रगढ़ सदर थाने में तैनात होमगार्ड सतीश को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को 2 हजार रुपये की रिश्वत लेते समय रंगे हाथ पकड़ा गया।
जानकारी के अनुसार, आरोपी इससे पहले शिकायतकर्ता से 6 हजार रुपये की रिश्वत ले चुका था। यह कार्रवाई एसीबी गुरुग्राम की टीम द्वारा बुधवार को की गई।
इस मामले की शिकायत कुराहवटा गांव निवासी और महेंद्रगढ़ थाने में तैनात होमगार्ड अशोक कुमार ने दी थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि होमगार्ड जवानों की ड्यूटी हर तीन महीने बाद दोबारा लगाई जाती है। इसी प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के बदले सतीश और राकेश ने उससे 6 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि वह पहले ही 4 हजार रुपये आरोपी सतीश को दे चुका था। इसके बाद उससे बकाया 2 हजार रुपये की लगातार मांग की जा रही थी। इस संबंध में शिकायतकर्ता ने रिश्वत मांग की रिकॉर्डिंग भी एसीबी को सौंपी थी।
शिकायत पर कार्रवाई करते हुए एसीबी गुरुग्राम की टीम ने योजना बनाई और शिकायतकर्ता को मांगी गई राशि लेकर आरोपियों के पास भेजा। जैसे ही आरोपी सतीश ने 2 हजार रुपये की रिश्वत ली, टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी के दौरान पूरी रिश्वत राशि बरामद कर ली गई।
एसीबी अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान सामने आया है कि आरोपी क्लर्क राकेश का प्रभाव करीब 430 होमगार्ड जवानों पर था। आरोप है कि वह हर तीन महीने में ड्यूटी लगाने के नाम पर प्रत्येक जवान से लगभग 6 हजार रुपये की अवैध वसूली करता था। जो जवान पैसे नहीं देता था, उसकी ड्यूटी या तो नहीं लगाई जाती थी या फिर उसे दूरदराज क्षेत्रों में तैनाती की धमकी दी जाती थी।
एंटी करप्शन ब्यूरो ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। जांच एजेंसी अब इस भ्रष्टाचार नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आगे की जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।
Akhil Mahajan