सुशील पहलवान को प्रोडक्शन वारंट पर लाई पुलिस, इटालियन पिस्टल केस में रिमांड नहीं मिला
झज्जर में इटालियन पिस्टल मामले में सुशील पहलवान को प्रोडक्शन वारंट पर लाया गया। कोर्ट से रिमांड नहीं मिला, आरोपी ने पिस्टल देने का आरोप लगाया।
➤ इटालियन पिस्टल और कारतूस मामले में सुशील पहलवान से पूछताछ
➤ कोर्ट में पेश कर 5 दिन का रिमांड मांगा, पुलिस को नहीं मिली मंजूरी
➤ आरोपी युवक ने सुशील पर पिस्टल उपलब्ध कराने का लगाया आरोप
हरियाणा के झज्जर जिले में तीन महीने पहले इटालियन ब्रेटा पिस्टल और छह कारतूस के साथ गिरफ्तार युवक के मामले में झज्जर पुलिस ने पहलवान सुशील कुमार को प्रोडक्शन वारंट पर झज्जर लाकर पूछताछ की। पुलिस ने सुशील को कोर्ट में पेश कर गहन पूछताछ के लिए रिमांड की मांग की, लेकिन कोर्ट से रिमांड नहीं मिल सका।
पुलिस के अनुसार, झज्जर जिले के गांव बिरोहड़ निवासी युवक विशाल सहरावत को इटालियन पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में विशाल ने खुलासा किया था कि यह पिस्टल उसे पहलवान सुशील कुमार ने उपलब्ध करवाई थी। हालांकि, सुशील ने उसे यह नहीं बताया था कि पिस्टल का उपयोग किस उद्देश्य से करना है और न ही आगे कोई निर्देश दिए थे।
झज्जर पुलिस मंगलवार को सुशील को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई थी, लेकिन समय कम होने और रिमांड नहीं मिलने के कारण उससे गहन पूछताछ नहीं हो सकी। डीसीपी क्राइम अमित दहिया ने बताया कि कोर्ट से पांच दिन का रिमांड मांगा गया था, लेकिन अनुमति नहीं मिली। जजमेंट की कॉपी मिलने के बाद दोबारा वारंट के लिए अपील की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी विशाल ने रिमांड के दौरान बताया था कि मई 2025 में सुशील कुमार को जमानत मिली थी। इसी दौरान कोर्ट में पेशी के समय उसकी मुलाकात सुशील से हुई। सुशील ने इशारे से उसे एक गाड़ी की ओर संकेत किया, जहां से उसे पिस्टल और कारतूस मिले। विशाल ने बताया कि वह सुशील के निर्देशों का इंतजार कर रहा था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी ने यह भी बताया कि छत्रसाल स्टेडियम में अभ्यास के दौरान सुशील की पत्नी के गोत्र से समानता के कारण दोनों में नजदीकियां बढ़ीं। दोनों ने वर्ष 2014 से 2021 तक साथ में कुश्ती की प्रैक्टिस की थी। सुशील के जेल जाने के बाद भी विशाल उसके संपर्क में रहा और जेल में भी मुलाकात करता रहा।
Author1